‘कांतारा’ फेम अभिनेता ऋषभ शेट्टी जल्द ही बड़े पर्दे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। उनकी आगामी ऐतिहासिक फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। इस फिल्म के साथ अब निर्माता भूषण कुमार की कंपनी टी-सीरीज भी जुड़ गई है।
फिल्म का निर्देशन संदीप सिंह करेंगे और इसे दो भागों में बनाया जाएगा। फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, उनकी वीरता, ऐतिहासिक युद्धों, रणनीतिक कौशल और स्वराज्य की स्थापना के संघर्ष को दिखाया जाएगा। इसके अलावा उनके जीवन से जुड़े कुछ ऐसे अनसुने पहलुओं को भी कहानी में शामिल किया जाएगा, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
फिल्म की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया फिलहाल जारी है और इसकी शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की योजना है। भूषण कुमार और कृष्ण कुमार फिल्म के निर्माता होंगे, जबकि ऋषभ शेट्टी भी सह-निर्माता की भूमिका निभाएंगे।
‘कांतारा’ में अपने शानदार अभिनय से देशभर में पहचान बनाने वाले ऋषभ शेट्टी को अब एक ऐतिहासिक और चुनौतीपूर्ण भूमिका में देखना दर्शकों के लिए खास होने वाला है। फिल्म से जुड़ी अन्य कास्ट और रिलीज को लेकर अभी और जानकारी का इंतजार है।

