अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में एसआईटी की जांच तेज हो गई है। शुरुआती जांच में मिले दस्तावेज, सीसीटीवी और हिडन कैमरों की फुटेज के आधार पर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दानपेटियों से नकदी और जेवरात निकालने से लेकर गिनती, रिकॉर्ड तैयार करने और बैंक में रकम जमा कराने की प्रक्रिया में कहीं सुनियोजित तरीके से हेराफेरी तो नहीं की गई।
मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एसआईटी लगातार पूछताछ कर रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए बिना सबूत के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जिसके पास भी ठोस प्रमाण हैं, वे एसआईटी को सौंपें, ताकि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आ सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार जनआस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

