गुरुग्राम। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 इलाके में हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनमोहन के पिता नत्थू को बरेली से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक मनोज कुमार और उसके दो बेटों—लक्ष्य और मयूर—का अपहरण चार लोगों ने मिलकर साजिश के तहत किया था। आरोपी मनमोहन, सिकंदर, विशेष कुमार और प्रिंस ने हथियार के बल पर तीनों को बोलेरो गाड़ी में जबरन बैठाकर बरेली ले गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने तीनों को गांव में बंधक बनाकर रखा था। लेकिन बच्चों के लगातार रोने और चीखने से घबराकर आरोपी उन्हें वापस छोड़ने निकल पड़े। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी एक टैंकर से टकरा गई, जिसमें मनमोहन समेत तीन आरोपियों की मौत हो गई, जबकि एक आरोपी घायल हो गया।
गुरुग्राम पुलिस ने पीड़ित मनोज और दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मनमोहन ने पहले मनोज के परिवार की एक नाबालिग लड़की को भगाया था और उसी विवाद के चलते वह मनोज की हत्या की साजिश रच रहा था। इसी योजना के तहत अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में साजिश में शामिल पाए जाने पर नत्थू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

