असम के गुवाहाटी में सोमवार, 26 अक्टूबर की रात एक होटल में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात रात करीब 9 बजे होटल बिलास इन के पास हुई। मृतकों में होटल मालिक के परिवार के चार सदस्य शामिल बताए गए हैं। शुरुआती जांच में होटल के लीज समझौते से जुड़े विवाद को गोलीबारी की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में की है, जिसने कथित तौर पर होटल लीज पर लिया था। घटना के करीब एक घंटे के भीतर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी .32 बोर पिस्तौल भी बरामद कर ली। घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और गोलीबारी के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
गुवाहाटी के होटल में गोलीबारी, 5 लोगों की मौत; आरोपी गिरफ्तार!

