मुंबई के गोरेगांव स्थित शिवशाही बिल्डिंग नंबर-1 में 18 महीने के एक मासूम बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाली 10 साल की बच्ची पर बच्चे को छठी मंजिल से नीचे फेंकने का आरोप है। बताया जा रहा है कि घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है और CCTV फुटेज की मदद से घटनाक्रम की जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया गया है। दोनों परिवारों के बीच पालतू बिल्ली को लेकर पहले विवाद होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इस विवाद और घटना के बीच संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी।

