गुरुग्राम में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने सख्ती बढ़ा दी है। निगम के वरिष्ठ अधिकारी अब रोजाना फील्ड में रहकर शहर के Garbage Vulnerable Points (GVPs) यानी कचरा संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करेंगे।
MCG कमिश्नर प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी कचरा उठाने की व्यवस्था, सफाई कर्मचारियों की मौजूदगी और संवेदनशील स्थानों पर सफाई की स्थिति की जांच करेंगे। समस्या मिलने पर मौके पर ही संबंधित टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
निगम ने कचरा साफ होने के बाद संबंधित GVP पर चूना डालना भी अनिवार्य किया है, ताकि वहां दोबारा कचरा जमा होने की समस्या को रोका जा सके। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि सफाई के बाद ये स्थान फिर से डंपिंग स्पॉट न बनें।
MCG ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, सेक्टर-29 और आसपास के इलाकों को विशेष निगरानी वाले क्षेत्रों में शामिल किया है। यहां निर्माण एवं विध्वंस मलबा, बागवानी कचरा या अन्य कूड़ा मिलने पर तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
यह कदम गुरुग्राम में कचरे के संवेदनशील स्थानों को साफ रखने और बार-बार कूड़ा जमा होने की समस्या पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है। इससे सफाई व्यवस्था में अधिकारियों की जवाबदेही और निगरानी दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

