सिक्किम के पश्चिमी जिले के रिंबी गांव में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गुरुवार देर रात बड़ा भूस्खलन हुआ। युक्सोम-ताशीडिंग क्षेत्र में हुए इस भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी, चट्टानें और मलबा नीचे की ओर आया, जिससे रिहायशी इलाकों में कई घर और सरकारी क्वार्टर प्रभावित हुए।
रिपोर्टों के मुताबिक, 30 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं। पावर डिपार्टमेंट के सरकारी क्वार्टर समेत कई ढांचों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
लगातार बारिश के कारण इलाके में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले भी रिंबी में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए 28 घरों के 128 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।
सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सक्रिय भूस्खलन क्षेत्रों, जमा मलबे और नदी-नालों से दूर रहने तथा भारी बारिश के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।

