सीजफायर के बीच फिर तनाव: खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों का दावा !!
संयुक्त अरब अमीरात ने दावा किया है कि ईरान की ओर से अब भी मिसाइलें दागी जा रही हैं। यूएई के मुताबिक, उसका एयर डिफेंस सिस्टम इन हमलों को रोकने में सक्षम है और जवाबी कार्रवाई भी की जा रही है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ ही घंटों पहले ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम (सीजफायर) की घोषणा हुई थी। हालांकि, यूएई ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हमले किस स्थान पर हो रहे हैं।
इस बीच कुवैत की सेना ने बताया कि सुबह से ईरानी ड्रोन हमलों का सामना किया जा रहा है। कई ड्रोन को मार गिराया गया, जिनका निशाना दक्षिणी क्षेत्र के तेल प्रतिष्ठान और बिजली स्टेशन थे, जिससे बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, लावन आइलैंड स्थित एक तेल रिफाइनरी में बड़ा विस्फोट हुआ है। सीजफायर के बाद यह पहली ऐसी घटना बताई जा रही है, हालांकि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
उधर, बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका-ईरान के बीच हुआ सीजफायर लेबनान में लागू नहीं होगा और हिज्बुल्लाह के खिलाफ इजरायली कार्रवाई जारी रहेगी।

