हरियाणा में बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों ने 22 से 24 अक्टूबर तक तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारी संगठनों ने यह फैसला हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) की ओर से गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को 25 साल का लाइसेंस देने के विरोध में लिया है।
हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा का आरोप है कि इस फैसले से राज्य के बिजली क्षेत्र में निजीकरण को बढ़ावा मिलेगा और सरकारी बिजली निगम दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के हित प्रभावित हो सकते हैं। मोर्चे ने लाइसेंस रद्द करने और कर्मचारियों की मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मांग की है।
इस फैसले के विरोध में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किए हैं। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जा सकता है। दूसरी ओर, HERC ने निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने का निर्णय लिया है, जिससे गुरुग्राम और नूंह के उपभोक्ताओं को भविष्य में सरकारी और निजी बिजली वितरण सेवाओं में विकल्प मिलने की संभावना है।

