राज्यवार खबरें

गुरुग्राम की 100 सड़कों की बदलेगी सूरत, 30 दिन में सुधार का लक्ष्य!

गुरुग्राम: हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम की खराब सड़कों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ‘30 डेज चैलेंज’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर की 100 सड़कों को 30 दिनों के भीतर सुधारने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों को सभी निर्धारित कार्य 7 नवंबर 2026 तक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA), नगर निगम गुरुग्राम (MCG) और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) मिलकर काम करेंगे।

अभियान के तहत केवल गड्ढे भरने या सामान्य मरम्मत तक काम सीमित नहीं रहेगा। चयनित सड़कों पर दोबारा सड़क निर्माण की परत बिछाने, फुटपाथ बनाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, लेन मार्किंग, संकेतक लगाने और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही, सड़कों के आसपास से अतिक्रमण और कचरा हटाने पर भी जोर दिया जाएगा। योजना में कम से कम 500 मीटर लंबी सड़कों को शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यों की समयसीमा का पालन करने और आपसी समन्वय से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक चयनित सड़क पर QR कोड वाला सूचना बोर्ड लगाने की योजना है। इसे स्कैन करके नागरिक संबंधित सड़क के कार्य, जिम्मेदार विभाग और अधिकारी तथा काम पूरा होने की निर्धारित तारीख की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अलावा, नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ‘24 घंटे चैलेंज’ भी शुरू किया जाएगा। इसके तहत सड़क पर गड्ढे, बड़े कचरा स्थल, सीवरेज ओवरफ्लो, खराब स्ट्रीट लाइट और पेड़ों की छंटाई जैसी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज की जा सकेंगी। शिकायतों की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग को 24, 48 या 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करनी होगी। अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के निपटारे में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी से वसूली करके शिकायतकर्ता को 5,000 रुपये देने का प्रावधान भी रखा गया है।

इस पहल का उद्देश्य गुरुग्राम की सड़कों की स्थिति सुधारने के साथ-साथ सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है। अब इस अभियान की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि संबंधित विभाग निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कर पाते हैं या नहीं।

इसी से जुड़ी खबरें

राज्यवार खबरें

बच्चों के जीवन में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं खेल : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि खेल बच्चों के जीवन में आत्म-विश्वास, अनुशासन, नेतृत्व
राज्यवार खबरें

राहुल गांधी में इंदिरा गांधी की तरह इमरजेंसी वाली मानसिकता है: शहजाद पूनावाला

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व नेता शकील अहमद के बयानों पर भाजपा