गुरुग्राम: सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुग्राम में आज, 7 अक्टूबर को ‘विकसित भारत संकल्प सभा–सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान (लेजर वैली) के पार्किंग क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे शुरू होगा। इसके बाद गुरुग्राम जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मशाल यात्रा भी रवाना की जाएगी।
कार्यक्रम में गुरुग्राम के अलावा फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर जिलों से भी लोगों की भागीदारी होगी। हरियाणा सरकार के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, जन-जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी इसी अभियान का हिस्सा है।
सुरक्षा के मद्देनजर, गुरुग्राम जिला प्रशासन ने 7 अक्टूबर को पूरे जिले में ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य मानव रहित हवाई उपकरणों समेत उड़ने वाली वस्तुओं के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

