ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। हादसा जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, बस दिल्ली से महोबा जा रही थी और उसमें करीब 35 यात्री सवार थे। रात करीब 11 बजे के आसपास बस में अचानक आग लग गई। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। आग और धुआं तेजी से फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने बस की खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव के लिए कई फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में एसी सिस्टम में शॉर्ट सर्किट की आशंका भी सामने आई है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही आग की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। हादसे को लेकर पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों के लिए ₹2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।

