राज्यवार खबरें

हरियाणा में ₹9,700 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट मंजूर, पांच शहरों को मिलेंगे नए बाईपास!!

हरियाणा सरकार ने राज्य में सड़क और शहरी कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए करीब ₹9,700 करोड़ के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में हिसार, कुरुक्षेत्र, नारनौल, जींद और सोहना-पलवल क्षेत्र के लिए बाईपास और रिंग रोड परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई। इनका मुख्य उद्देश्य शहरों के भीतर ट्रैफिक दबाव कम करना और राष्ट्रीय राजमार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी देना है।

पांच बड़े बाईपास प्रोजेक्ट

हिसार बाईपास: यह हिसार-राजगढ़ रोड (NH-52) को हिसार-दिल्ली रोड और हिसार-कैथल रोड से जोड़ेगा। इससे शहर से गुजरने वाले भारी और लंबी दूरी के ट्रैफिक को बाहर से निकालने में मदद मिलेगी।

कुरुक्षेत्र बाईपास: कुरुक्षेत्र-लाडवा बाईपास की DPR तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और परियोजना पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।

नारनौल सिटी बाईपास: करीब 11 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को NH-148B से जोड़ा जाएगा। इसका मकसद शहर के अंदर से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम करना है।

जींद बाईपास: यहां आउटर रिंग रोड के साथ NH-352 पर चार लेन का बाईपास विकसित किया जाएगा, जिससे शहर की मौजूदा सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा।

सोहना-पलवल बाईपास: NH-919 से शुरू होने वाले करीब 24 किलोमीटर लंबे हिस्से को अपग्रेड, री-डिजाइन और पुनर्निर्मित कर चार लेन का बनाया जाएगा।

सिर्फ बाईपास तक सीमित नहीं योजना

सरकार की योजना शहरों और एक लाख से ज्यादा आबादी वाले कस्बों के बाहर आउटर रिंग रोड और नेशनल हाईवे विकसित करने की भी है। इसके लिए केंद्र सरकार की नीति के अनुरूप राज्य स्तर पर नीति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा DND-फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास-KMP लिंक और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड कॉरिडोर पर भी काम की योजना है। सिरसा में रेलवे अंडरब्रिज और महेंद्रगढ़-अटेली क्षेत्र में कुछ नए लिंक रोड भी प्रस्तावित किए गए हैं।

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से शहरी ट्रैफिक जाम कम होगा, यात्रा आसान होगी और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसी से जुड़ी खबरें

राज्यवार खबरें

बच्चों के जीवन में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं खेल : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि खेल बच्चों के जीवन में आत्म-विश्वास, अनुशासन, नेतृत्व
राज्यवार खबरें

राहुल गांधी में इंदिरा गांधी की तरह इमरजेंसी वाली मानसिकता है: शहजाद पूनावाला

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व नेता शकील अहमद के बयानों पर भाजपा