बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी रिटायरमेंट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। 83 वर्षीय अभिनेता ने साफ किया है कि उनका फिलहाल काम से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। दरअसल, अमिताभ बच्चन के हालिया ब्लॉग पोस्ट में लिखे गए “इट्स लेट, टाइम टू रिटायर” वाले शब्दों के बाद उनके एक्टिंग और टीवी करियर से दूरी बनाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
अब बिग बी ने सफाई देते हुए बताया कि उनके शब्दों का मतलब काम से रिटायर होना नहीं, बल्कि देर रात सोने के लिए जाना था। उन्होंने मीडिया पर भी अपने बयान का गलत अर्थ निकालने को लेकर तंज कसा। अमिताभ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह काम से रिटायर नहीं हो रहे हैं और यहां “रिटायर” का मतलब सोने जाना था।
अमिताभ बच्चन इस समय ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन को होस्ट कर रहे हैं और लगातार काम में सक्रिय हैं। उनकी इस सफाई के बाद फैंस ने भी राहत की सांस ली है कि बॉलीवुड के महानायक अभी पर्दे और टीवी से दूर जाने के मूड में नहीं हैं।

