अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात, आतंकवाद और सीमा सुरक्षा पर हुई चर्चा
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, सीमा सुरक्षा, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक और अपराधियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के बाद अमेरिकी राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि गृहमंत्री अमित शाह के साथ उनकी बेहद सकारात्मक बैठक रही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने आतंकवाद से मुकाबला करने, लोगों को नशीले पदार्थों और गैरकानूनी ड्रग्स से बचाने, सीमाओं को सुरक्षित बनाने और अपराधियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।
यह मुलाकात भारत और अमेरिका के बीच सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। दोनों देशों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया।

