नागोया में भारत के सावन बरवाल ने एशियन गेम्स 2026 की पुरुष मैराथन में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीत लिया। 28 वर्षीय भारतीय एथलीट ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया। यह उनका पर्सनल बेस्ट भी है।
सावन की इस उपलब्धि के साथ एशियन गेम्स की मैराथन स्पर्धा में भारत का 44 साल का पदक इंतजार खत्म हुआ। भारत ने इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में मैराथन में पदक जीता था। सावन विदेश में एशियन गेम्स मैराथन पदक जीतने वाले पहले भारतीय भी बने।
रेस में सावन ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। वह 5 किमी के बाद दूसरे स्थान पर थे और करीब 10 किमी के बाद बढ़त बना ली। 15 और 20 किमी पर भी वह सबसे आगे रहे। हाफ मैराथन यानी 21.1 किमी पर उनका समय 1:05:54 था। बाद में जापान के इचिटाका यामाशिता ने बढ़त बनाई, लेकिन सावन ने अपनी रफ्तार बनाए रखते हुए सिल्वर पक्का किया।
जापान के इचिटाका यामाशिता ने 2:10:49 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि चीन के पेइयू फेंग ने 2:12:13 के साथ ब्रॉन्ज हासिल किया। सावन यामाशिता से 48 सेकंड पीछे रहे।
खास बात यह है कि सावन ने इसी साल अप्रैल में रॉटरडैम मैराथन में 2:11:58 का समय निकालकर शिवनाथ सिंह का 1978 से कायम 48 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। नागोया में उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड में 21 सेकंड का सुधार कर दिया।

